भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि झूठ परोसने में माहिर आम आदमी पार्टी की नौटंकी में उत्तराखंड की जनता नहीं आने वाली है। आप के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि आप प्रदेश में अपना राजनैतिक अस्तित्व तलाश रही है और तरह तरह के ढोंग और प्रलाप कर रही है। जबकि कोरोना काल में उसकी सच्चाई सामने आ चुकी है। हरिद्वार में आरटीपीसीआर रिपोर्ट में गड़बड़ी का संज्ञान खुद सरकार ने लिया और वर्तमान में एसआइटी जांच कर रही है।
कोरोना जांच फर्जीवाड़े के विरोध में आप ने घड़े फोड़कर किया प्रदर्शन
हरिद्वार कुंभ में कोरोना सैंपल जांच में फर्जीवाड़े के विरोध में आम आदमी पार्टी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के समीप नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने घड़े फोड़कर भाजपा नेताओं और सरकार के प्रति विरोध जताया। साथ ही मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की।
कोरोना जांच में फर्जीवाड़े के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सरकार व भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। देहरादून में आप कार्यकर्ताओं ने बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के समीप नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कार्यालय से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर आप कार्यकर्ताओं को रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए। सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने घड़े फोड़ कर विरोध जताया। आप का कहना है कि भाजपा नेताओं के पाप का घड़ा भर चुका है। आप उपाध्यक्ष विशाल चौधरी ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड को लूट का अड्डा बना दिया है।
कुंभ में एक निजी लैब को कोरोना जांच का ठेका दिया गया। जिससे फर्जी जांच के नाम पर लाखों लोगों की जान से खिलवाड़ किया गया। इस मामले की न्यायिक जांच के साथ ही मुख्यमंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए। आप नेता रविंद्र जुगरान ने कहा कि कुंभ गंगा जमुना तहजीब की मिशाल है। आप पार्टी की मांग है कि सभी जांचों का ऑडिट होना चाहिए। साथ ही फर्जीवाड़े की न्यायिक जांच कराई जाए।
प्रदर्शन करने वालों में रजिया बेग, नवीन पिरशाली, उमा सिसोदिया, संजय भट्ट, रविंद्र आनंद, रवि बांगिया, राजेंद्र सिंह, मनोज चौहान, अशोक सेमवाल, उपमा अग्रवाल, सुशील सैनी, भरत सिंह, डिंपल, विपिन खन्ना, शरद जैन, दीपक सेलवान, राजकुमार, गणेश कुड़ियाल, राजेश शर्मा, रिहाना, सीमा कश्यप, विनोद कुमार, मुकुल, उपमा अग्रवाल, आरती, जितेंद्र पंत, राजीव तोमर, अमित अग्रवाल, गुरमेल, प्रदीप कोठियाल, सुशील समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।