- क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के युवक से जमीन दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने मामले में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष मोहन नेगी के मुताबिक घटना वर्ष 2024 की है। पीड़ित अरुण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनको जमीन खरीदनी थी। इस बावत उनकी मुलाकात शेख सादउल्ला नाम के युवक से हुई थी। उसने अपनी बुआ की जमीन का सौदा 32 लाख रुपये में तय कराया था। यह भूमि किसी के कब्जे में थी। शेख ने जल्द कब्जा छुड़वाने की बात कही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने भरोसा कर रजिस्ट्री से पहले 30 लाख रुपये दे दिए। इस दौरान एक अनुबंध पत्र भी बनाया गया। रजिस्ट्री कराने के लिए अनुबंध की तिथि आने के बाद आरोपी ने रजिस्ट्री नहीं कराई। इसके बाद कई बार तिथि बढ़ाई गई। शेख की ओर से दो लाख रुपये और ले लिए गए। इसके बाद भी जब रजिस्ट्री नहीं हुई तो उन्होंने दबाव बनाया और पैसे वापस करने को कहा। इस पर आरोपी ने सिर्फ पांच लाख रुपये ही वापस किए। शेष राशि अब तक नहीं दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।