- त्यूणी के पास की है दुर्घटना
फोटो....
संवाद न्यूज एजेंसी
त्यूणी। हिमाचल प्रदेश की ओर से त्यूणी आ रहे बाइक सवार दो युवकों में से एक पैर फिसल जाने के कारण गहरी खाई में गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना उस समय घटी जब युवक लघु शंका के लिए बाइक से उतरकर सड़क से किनारे की ओर जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मृतक के शव को खाई से निकाला।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे उत्तरकाशी के बांखवाड़ा गांव निवासी उमरदीन अपने साले मियांगाड गांव निवासी असलम (22) के साथ बाइक पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से त्यूणी की ओर जा रहे थे। त्यूणी से लगभग 12 किलोमीटर पहले असलम लघुशंका के लिए बाइक से उतर कर सड़क के किनारे की ओर चला गया। इस दौरान उसका पैर फिसला और वह सड़क किनारे लगभग दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने युवक को खाई से बाहर निकाला। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी आशीष रवियान ने बताया कि युवक के शव को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है।