रायपुर थाना क्षेत्र के सौडा सरोली के पास बृहस्पतिवार को कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया।
रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोग और चीता पुलिस स्कूटी सवार को घायल हालत में रायपुर के सरकारी अस्पताल ले गए। जेब से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से आकाश कुमार (27) के तौर पर पहचान हुई। इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई। आकाश के पिता का नाम उमेश चंद शर्मा है। आकाश जनपद पौड़ी के थाना सतपुली ग्राम गिवान्ली बचाली का रहने वाला था। परिजनों को सूचना दे दी है।
दुर्घटना के बाद काले रंग की कार सड़क से नीचे खेत में जा गिरी जबकि स्कूटी सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मालदेवता चौकी में भिजवा दिया। कार चालक को भी हिरासत में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।