लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर बने अस्थायी वैली पुल के एक छोर के एबटमेंट (आधार स्तंभ) के पास धंसाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो उसी दिन का है, जिस दिन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया था। लगातार बारिश और बढ़ते यमुना जलस्तर के बीच रोजाना इस पुल से अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही होती है। ऐसे में गुणवत्ता पर सवाल के साथ ही बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
लखवाड़ बांध परियोजना में आवाजाही के लिए बनाए गए अस्थायी वैली पुल का एक छोर पहाड़ के बिल्कुल नजदीक स्थित है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ से बोल्डर और मलबा आने का खतरा बना रहता है। दूसरी ओर पहाड़ों में हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी में भारी मात्रा में गाद भी बहकर आ रही है। ऐसे हालात में एबटमेंट के पास धंसाव का वीडियो सामने आने से पुल की सुरक्षा और परियोजना प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया था और वायरल वीडियो भी उसी दिन का बताया जा रहा है। ऐसे में निरीक्षण के दौरान इस स्थिति पर ध्यान क्यों नहीं गया या तत्काल प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद परियोजना प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए ही मुख्य सचिव ने बीते रोज माैका मुआयना किया था। साथ ही निर्धारित समय सीमा से पहले लखवाड़ बांध परियोजना के कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा था।
वर्जन
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। पुल के एबटमेंट के बाहर सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवारें धंसी हैं। इससे एबटमेंट को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है।
- विमल डबराल, जनसंपर्क अधिकारी, यूजेवीएनएल
-