राजकीय इंटर कॉलेज, भटाड में चल रहे छात्र-छात्राओं की संचायिका धनराशि में हेराफेरी के मामले की जांच के लिए शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जहां टीम ने मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। बताते चलें कि स्थानीय ग्रामीणों ने त्यूणी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि छात्र-छात्राओं की संचायिका की 1.78 लाख रुपये की धनराशि को तत्कालीन प्रधानाचार्य संजय सोनी ने अपने खाते में जमा करा लिया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को जांच के आदेश दिए थे। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी बुशरा ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी, जिसमें राजकीय इंटर काॅलेज के मुंधौल के प्रधानाचार्य महेंद्र जोशी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के महेंद्र दत्त शर्मा व सीआरसी गोविंद राम शर्मा शामिल हैं। जांच टीम ने बुधवार को विद्यालय का दौरा करके आवश्यक जानकारी जुटाई। खंड शिक्षा अधिकारी बुशरा ने बताया कि टीम की ओर से जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।