रिलायंस मेगा मार्ट की पार्किंग में एक टप्पेबाज ने आर्किटेक्ट की कार पार्क कराने के बहाने लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। मार्ट कर्मचारियों ने सीसीटीवी कैमरों में देखा तो पता चला कि यह उनका कर्मचारी है ही नहीं। मामले में पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार शिवम तोमर निवासी व्योमप्रस्थ पेशे से आर्किटेक्ट हैं। वह पत्नी को अंबाला उनके मायके छोड़ने जा रहे थे। रास्ते से उन्हें रिलायंस मेगा मार्ट से कुछ सामान खरीदना था। उन्होंने पत्नी को पार्किंग में उतारा और खुद कार पार्क करने लगे। इस बीच एक नीली शर्ट पहने व्यक्ति उनकी मदद करने लगा। कार पार्क करने के बाद तोमर भी अंदर चले गए। कुछ ही देर में वह व्यक्ति उनके पास आया और बोला कि उनकी कार के पास एक अन्य कार अटक गई है। उसने कार हटाने के लिए चाभी मांगी तो उन्होंने भी बिना किसी संकोच के चाभी दे दी। कुछ ही देर बाद उसने चाभी लाकर तोमर को थमा दी।
अब जब खरीदारी के बाद तोमर और उनकी पत्नी कार में पहुंचे तो देखा कि पत्नी का कपड़ों से भरा बैग कार में नहीं था। तोमर ने पुलिस को बताया कि इस बैग में एक जेवरात का डिब्बा भी रखा हुआ था। इसमें 40 ग्राम के सोने के दो कंगन, 10, आठ और चार ग्राम की तीन अंगूठियां और छह हजार रुपये रखे हुए थे। तत्काल तोमर आईएसबीटी चौकी पहुंचे और घटना की सूचना दी। इंस्पेक्टर पटेलनगर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान की जा रही है।