Iभारत में पहली बार आयोजित हुई तीन दिवसीय एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का शनिवार को समापन हो गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता भारत में शीतकालीन खेलों के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगी। रजत जयंती खेल परिसर के हिमाद्री आइस रिंक में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से स्केटिंग ट्रॉफी का आयोजन किया गया था। समापन पर सीएम धामी ने थाईलैंड को चैंपियनशिप की ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के 11 देशों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने नौ अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित किया। इसी वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ खेलभूमि की भी पहचान दिलाई है। इन खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय खेलों में सातवां स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान भी लागू करने जा रही है, जिसके तहत प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा प्रथम खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी।I