देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र की महिला से एक युवक ने भाई बनकर 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष केके लूंठी ने बताया कि घटना एक दिसंबर की है। पीड़िता गीतांजलि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई का नाम अजय पैन्यूली है। वह जापान में रहता है। उसकी मैसेंजर आईडी से एक मैसेज आया था। इसमें उसने वीजा नवीनीकरण के लिए 90 हजार रुपये मांगे। इस पर उन्होंने यूपीआई के माध्यम से पैसे भेज दिए थे। बाद में जब भाई से बात हुई तो उसने पैसे मांगने वाली बात से इन्कार कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद