तेजी से भागती दुनिया में भला चोर कहां पीछे रहने वाले हैं। जब आपने सुरक्षा के अनोखे नुस्खे निकाल लिए हों तो यकीन मानिए तब भी चोर आपसे अव्वल ही रहने वाले हैं। राजधानी देहरादून में चोरों ने चोरी के लिए नायाब तरीका निकाल लिया है।
अगर दोपहर में कोई शख्स आपके घर में किराये के कमरे के बारे में पूछने आए तो रात को सर्तक रहें। हो सकता है वह आपके घर की रेकी करने आया हो। शहर में हो रही चोरियों में पुलिस तफ्तीश में यही बात निकल कर सामने आई है।
असल में शहर में चोरों का एक ऐसा गैंग सक्रिय है जो दिन में घरों की डोर बेल बजाता है। अगर कोई अंदर से बाहर नहीं निकलता को वह पड़ोस में जाता है और पड़ोसियों से पूछता है कि आपके बगल में रहने वाले कहां गए होंगे।
बात सुनकर पड़ोसी जानने का कारण पूछते हैं तो बदमाश बताते हैं कि उन्होंने ही बुलाया था। किराये के कमरे के लिए। यह सुनकर पड़ोसी बता देता है कि वह तो कई दिनों के लिए आउट ऑफ स्टेशन गए हैं। बस मौका मिलते ही रात को घर साफ।
वहीं अगर डोर बेल बजाने पर घर से कोई निकल आए तो फिर उससे ही पूछते हैं कि क्या किराये का कमरा उपलब्ध है। मना किया तो बदमाश आगे निकल जाते हैं और अगर घर के मालिक ने कहा कि उनके यहां किराये का कमरा उपलब्ध है तो शक न होने के लिए बदमाश देख भी लेते हैं।
प्रेमनगर, पटेलनगर और शास्त्रीनगर के क्षेत्रों में हुई चोरियों की पुलिस ने तफ्तीश की तो प्रथम दृष्टया यही बात निकल कर सामने आई। एसएसपी केवल खुराना ने कहा कि कोई किराये के कमरे के लिए पूछताछ करने आए तो उसका परिचय पत्र मांगे। तस्दीक होने के बाद उससे बात जारी रखें। अगर कुछ संदिग्ध लगे तो पुलिस को सूचित करें।
आउट ऑफ स्टेशन जाना हो तो पुलिस को बताएं
अगर परिवार सहित आउट ऑफ स्टेशन जा रहे हैं तो थाने को सूचित कर जाएं। पुलिस रात को आपके घर पर नजर रखेगी। एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र ने बताया जिस थाना क्षेत्र में घर पड़ता हो। वहां के थाने को सूचित कर देना चाहिए। ऐसे में चीता पुलिस रात को गश्त बड़ा देगी।