नवनिर्मित घर के शौचालय की तराई करते वक्त हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने ऊर्जा निगम से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्यूड़ गांव निवासी पूरन कंडारी (45) पुत्र शिव सिंह कंडारी बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे मकान की तराई कर रहा था। तभी वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
बेहोशी की स्थिति में परिजन उसे श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। उसके दो लड़के और दो लड़कियां हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख विरेंद्र सिंह कंडारी ने ऊर्जा निगम से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
मामले में एसडीओ एसएस रावत का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के समीप भवन निर्माण नहीं करने के लिए पहले ही पूरन कंडारी को नोटिस भेजा गया था। ऐसे में मुआवजा दिया जाना संभव नहीं है।