तहसील प्रशासन व खनन विभाग की टीम ने रामपुर में भारी मात्रा में एकत्रित किए गए उप खनिज को जब्त कर लिया। टीम ने खनन सामग्री को ग्राम प्रधान की सपुर्दगी में दे दिया है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि जब्त की गई खनन सामग्री को नियमानुसार नीलाम किया जाएगा।
तहसील प्रशासन व खनन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम रामपुर स्थित अखिलेश कुमार पुत्र कृष्णदत्त कुकरेती व कलावती पत्नी केडी कुकरेती की भूमि पर भारी मात्रा में खनन सामग्री का भंडारण किया गया है। जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची टीम ने खनन सामग्री को जब्त कर लिया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि मौके पर कुल 228 घनमीटर खनन सामग्री (पत्थर) पाई गई है, जिसे ग्राम प्रधान की सपुर्दगी में दिया गया है। उन्होंने बताया कि खनन सामग्री की नियमानुसार नीलामी की जाएगी।