- कार में सवार युवक-युवती मामूली रूप से हुए घायल
- मौके पर मौजूद लोगों ने पलटी कार को किया सीधा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाबूगढ़ चुंगी के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर लगे डेलीनेटर से टकरा कर पलट गई। दुर्घटना में कार सवार युवक और युवती मामूली रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कार को उठाकर सीधा किया। युवक और युवती भीमावाला में आयोजित बावड़ी मेला देख कर आए थे। दोनों घर वापस जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अजीतनगर गुरुद्वारा रोड से बाबूगढ़ चुंगी की ओर आ रही थी। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालसी की ओर घूमते ही कार सीधा डिवाइडर पर लगे डेलीनेटर से टकराई और पलट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार को सीधा किया।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। दोनों को हल्की फुल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने कार सड़क किनारे खड़ी करवाई। बताया कि कार साहिया निवासी रमेश बिष्ट चला रहे थे। कार चालक ने जानकारी दी कि वह बावड़ी मेला देखने के बाद घर जा रहे थे। बताया कि घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।