सहसपुर ब्लॉक के बखतावरपुर ग्रांट क्षेत्र में ग्राम भगवानपुर-जुलों को जोड़ने वाले सार्वजनिक रास्ते पर एक महिला की ओर से गेट लगा देने से विवाद खड़ा हो गया। रास्ता बंद होने से करीब 300 परिवारों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों के आक्रोश और शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को तहसीलदार ने मौके का मुआयना किया और आरोपी पक्ष को अपना जवाब दाखिल करने के लिए एक दिन का अल्टीमेटम दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते का उपयोग वे लंबे समय से सार्वजनिक आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने अचानक इस पर गेट जड़ दिया, जिससे लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या बिगड़ गई है। सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। रास्ता बंद होने के कारण स्कूल वाहन मौके तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गेट हटाकर रास्ता सुचारू करने की गुहार लगाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को तहसीलदार विवेक राजौरी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्या सुनीं। उन्होंने संबंधित महिला को अपना पक्ष रखने के लिए एक दिन का समय दिया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर ग्राम प्रधान सोनिया रमोला, प्रधान कैलाश चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सूरज सिंह चौधरी, पूर्व प्रधान दीपक जोशी और देवकी बिष्ट सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।