फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: हत्यारोपी पति की मदद करने वाले पर लगेगा पांच लाख जुर्माना

Mon, 12 Oct 2026 06:36 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
जौनसार-बावर की कालसी तहसील के कचटा गांव में पत्नी नीलम की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति मनोज के खिलाफ खत कोरू के 16 गांवों ने कड़ा फैसला लिया है। रविवार को हुई खत की बैठक में सर्वसम्मति से फरमान सुनाया गया कि आरोपी की जमानत कराने, उसके पक्ष में गवाही देने या किसी भी तरह की मदद करने वाले व्यक्ति पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही ऐसे व्यक्ति को खत से भी बहिष्कृत कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

रविवार को कचटा के मंदिर प्रांगण में खत कोरू के सदर स्याणा सुनील दत्त जोशी की अध्यक्षता में बैठक हुई। ग्रामीणों ने कहा कि महिला के साथ हुए इस जघन्य अपराध के खिलाफ पूरा क्षेत्र एकजुट है। पंचायत ने सख्त हिदायत दी है कि आरोपी के परिवार, रिश्तेदार और खत के किसी भी गांव का व्यक्ति उसकी कानूनी या आर्थिक मदद नहीं करेगा। इसके अलावा, खत कोरू की अलग-अलग जगहों पर ब्याही गई बेटियों और उनके परिवारों से भी हत्यारोपी का साथ न देने की अपील की गई है। बैठक में अमर सिंह, जवाहर सिंह, सुरेंद्र सिंह, अतर सिंह, बबल सिंह, टीकम सिंह, हाकम सिंह और भाव सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

बरी हुआ, तब भी गांव में नहीं घुसने देंगे
बैठक में तय किया गया कि यदि भविष्य में अदालत से आरोपी मनोज दोषमुक्त भी हो जाता है, तब भी उसे खत कोरू की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने सरकार और न्यायपालिका से आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। ग्राम पंचायत कचटा के प्रधान संतू और ग्राम पंचायत बाढौ के पूर्व प्रधान सीताराम चौहान ने कहा कि इस तरह के कड़े फैसलों से भविष्य में जघन्य अपराधों पर रोक लगेगी और समाज में भी एक सख्त संदेश जाएगा।
विज्ञापन


पिता और परिजनों के सामने सुनाया गया फैसला
गौरतलब है कि बीते आठ अक्तूबर को कचटा गांव में मनोज ने विवाद के बाद अपनी पत्नी नीलम की पाठल से वार कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह जंगल में फरार हो गया था, जिसे राजस्व पुलिस ने नौ अक्तूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को पंचायत की ओर से लिए गए इस कड़े फैसले के दौरान आरोपी के पिता बलिया और परिवार के सदस्य विक्रम व वीरू भी वहां मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें