बाजार चौकी क्षेत्र के अंतर्गत शराब के नशे में एक युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में युवक का गला आंशिक रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार नदीम पुत्र निवासी निवासी मुस्लिम बस्ती के पीछे कैनाल रोड का बीते बुधवार रात को अपने पड़ोस में रहने वाले सोहेल पुत्र पप्पू के साथ पैसे की लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद शराब के नशे में नदीम ने गुस्से में आकर अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़क लिया और आग लगा दी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
एसएसआई गिरीश नेगी ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मामले में अब तक कोतवाली पुलिस को कोई भी तहरीर नहीं मिली है।