सेलाकुई। मतदान से एक दिन पहले बृहस्पतिवार देर रात तेलपुर अटकफार्म ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ रहे दो उम्मीदवारों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसमें एक पक्ष का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि, दो अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं।
मारपीट कर रहे दोनों पक्षों के लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। मारपीट के बाद से क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मतदान के समय भी पुलिस हंगामे को लेकर खासा अलर्ट रही। एलआईयू भी दिनभर स्थिति पर नजर रखे रही। मतदान शांतिपूर्ण निपटने पर सभी ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात गांव में प्रधान पद के दो प्रत्याशी घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे थे। तभी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लिए बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौच और फिर मारपीट तक जा पहुंची।
दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। इस बीच घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही मारपीट कर रहे दोनों पक्षों के लोग मौके से भाग खड़े हुए। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि अभी मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।