सेलाकुई थाना पुलिस ने बीते वर्ष नवंबर माह में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के शाखा प्रबंधक के मकान में चोरी करने वाले पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के शाखा प्रबंधक संजय शर्मा सेलाकुई के हरिपुर में किराये के मकान में रहते हैं। वह परिवार के साथ दिवाली पर घर गए थे। 10 नवंबर 2024 को मकान मालिक ने उन्हें सूचना दी कि मकान में चोरी हो गई है। सूचना पर वह घर पर पहुंचे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके कमरे से एक सोने की चेन, मंगलसूत्र, तीन जोड़ी बाली, लैपटॉप, नौ हजार रुपये, एक गुल्लक और पांच-छह साड़ी गायब हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि 24 नवंबर 2024 को पुलिस ने एक आरोपी उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के थाना मंझगई निवासी मारूफ को गिरफ्तार कर लिया था। उसने पुलिस को बताया था कि लखीमपुर जिले के थाना मंझगई का ही रहने वाला एक अन्य आरोपी अरमान खान भी उसके साथ घटना में शामिल था।
थाना प्रभारी ने बताया कि एसएसपी ने फरार आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने शनिवार को फरार आरोपी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपी के पास से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी मकानों में रंगाई-पुताई की आड़ में रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करते थे।