साइबर ठगों ने 12 लाख रुपये से ज्यादा का इनाम निकलने का झांसा देकर व्यक्ति से ठगी कर ली। ठगों ने उन्हें एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट में लक्की ड्रॉ निकलने की बात कही थी। इसके बाद तमाम शुल्क और टैक्स के नाम पर उनसे करीब एक लाख रुपये ठग लिया।
पुलिस के अनुसार कांगकिलिंग तायेंग निवासी मांडूवाला को पिछले दिनों एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को अमेजॉन शॉपिंग साइट का कर्मचारी बताया। उसने कांगकिलिंग से कहा कि अमेजॉन में 12.60 लाख रुपये का लक्की ड्रा निकला है। इसके अलावा उनकी एक कार भी ड्रा में निकली है। इस बात को सुनकर वह लालच में आ गए। ठग ने उनसे कहा कि इस रकम को पाने के लिए उन्हें टैक्स भरना होगा। इसके बाद कभी जीएसटी तो कभी किसी अन्य शुल्क के बारे में उनसे 96 हजार रुपये से अधिक अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। यह रकम जमा होने के बाद उनके पास बहुत दिनों तक कोई फोन नहीं आया। कुछ दिन बाद एक फोन आया और उसने रकम की फिर से मांग की। इस बार कांगकिलिंग समझ गए कि उनके साथ ठगी हुई है। इसकी शिकायत उन्होंने प्रेमनगर थाने में की है। एसओ प्रेमनगर धनराज बिष्ट ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।