गढ़वाल मंडल के सात जिलों को एलटी संवर्ग में रिक्त पदों पर 920 गेस्ट टीचर मिल गए हैं। मंडलीय अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) महावीर सिंह बिष्ट ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। जनपद टिहरी के लिए सबसे अधिक 217 गेस्ट टीचर मिले हैं।
अपर शिक्षा निदेशक (माशि) गढ़वाल मंडल कार्यालय में एलटी में रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। शैक्षिक और अन्य प्रमाण पत्रों की जांच के बाद गेस्ट टीचरों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं।
एडी महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि गढ़वाल मंडल में कुल 920 गेस्ट टीचरों की नियुक्ति आदेश हुए हैं। इसमें जिला चमोली में 187, रुद्रप्रयाग में 115, पौड़ी में 171, उत्तरकाशी 116, टिहरी 217, देहरादून 23 व हरिद्वार में 81 गेस्ट टीचर की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। इन गेस्ट टीचर को आदेश जारी होने के 15 दिन के भीतर संबंधित विद्यालयों में ज्वाइनिंग देनी होगी।