यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रेल प्रशासन यात्रियों के बीच सर्वे करा रहा है। ट्रेनों में यात्रियों से विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में टीमें सुविधाओं में सुधार किए जाने के संबंध में जानकारियां जुटा रही हैं।
मुरादाबाद मंडल की वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा के निर्देश पर वरिष्ठ निरीक्षकों की अगुवाई में टीमें मंडल के तमाम रेलवे स्टेशनों के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों से यह जानकारी जुटी रही हैं। ट्रेनों में यात्रा के दौरान क्या-क्या दिक्कतें आ रही हैं? किसी शिकायत पर संबंधित अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं या नहीं?
देहरादून रेलवे स्टेशन के वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि सर्वे में यात्रियों ने सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए हैं। ज्यादातर यात्रियों का कहना है कि दून से चलने वाली ट्रेनों में कोच की संख्या कम होने की वजह से भारी भीड़ रहती है। बुजुर्गों तक को सीटें नहीं मिल पाती हैं जिसकी वजह से बसों से यात्रा करनी पड़ती है। वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक अग्रवाल ने बताया कि सर्वे के बाद रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी जाएगी।