ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सभी स्कूलों में बच्चों को सैंपल पेपर से तैयारी कराने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों को सैंपल पेपर भेज दिए हैं। 15 फरवरी से शुरू होने जा रही बोर्ड परीक्षाओं में यह पेपर कारगर साबित हो सकते हैं।
सीबीएसई देहरादून के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों को रोल नंबर डाउनलोड करने के लिए लिंक और सैंपल पेपर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। 10वीं और 12वीं बोर्ड की तैयारी किस स्तर तक है, वह सैंपल पेपर की जांच से पता चलेगा। इसके अलावा स्कूल अपना आकलन भी कर पाएंगे। बोर्ड की मानें तो पहली बार इस आकलन से स्कूलों को सही जानकारी मिल पाएगी। वैसे तो बोर्ड ने दो महीने पहले ही 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए थे, लेकिन तमाम छात्र इससे वंचित थे। इसलिए स्कूलवार सैंपल पेपर भेजे गए हैं। इसमें पूछे गए सभी सवाल बोर्ड पैटर्न पर हैं। इसमें बोर्ड परीक्षा पैटर्न पर ही सवालों को हल करना है। सैंपल पेपर बनाने का फ ायदा छात्रों को होगा। स्कूल स्तर पर ही परीक्षा की पूरी तैयारी हो जाएगी। एक मार्च से 10वीं और 12वीं के मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू होगी। स्किल आदि से जुड़े विषयों की परीक्षाएं 15 फरवरी से ही शुरू हो जाएंगी।
वेबसाइट पर देखें मार्किंग स्कीम
इस बार प्रश्नवार अंक कैसे दिए जाएंगे, किस प्रश्न के लिए किस तरह की स्टेप वाइज मार्किंग होग। इसकी जानकारी के लिए मार्किंग स्कीम को वेबसाइट पर डाला गया है। मार्किंग स्कीम से छात्र खुद भी अंकों का आकलन कर पाएंगे।