इंसानियत का फर्ज निभाने वाले सम्मानित
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। सद्भावना संस्था ने अपने रजत जयंती कार्यक्रम में ऐसे दो परिवारों को सम्मानित किया, जिन्होंने अन्य धर्मों के होने के बाद भी हिंदू धर्म के दो बच्चों को पाला और उनकी शादी की। वक्ताओं ने सभी से ऐसे लोगों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
लाइब्रेरी स्थित एक होटल में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और विशिष्ठ अतिथि पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने किया। सद्भावना के अध्यक्ष अनुज तायल ने संस्था के संस्थापक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चोपड़ा के योगदान की जानकारी।
इस मौके पर देहरादून के मोइनुद्दीन और उनकी पत्नी कौशरजहां को सम्मानित किया। इन्होंने एक हिंदू बच्चे को पाला और पढ़ाया। बड़ा होने पर उसकी शादी भी हिंदू रीति रिवाज से की। वहीं मसूरी के शिक्षक सेमुअल चंद्र और उनकी पत्नी अनीता को भी सम्मानित किया। इन्होंने भी ईसाई समुदाय के होते हुए एक हिंदू लड़की को पाला और अब उसकी हिंदू रीति रिवाज से शादी कर दी है।
कार्यक्रम में सद्भावना के सभी सदस्यों और पूर्व सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता व उनके बोर्ड के सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह व शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के बच्चो ने स्वागत गान गाया और सौम्या ने कथक नृत्य की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन संदीप अग्रवाल ने किया। इस मौके पर सचिव रमेश जायसवाल, रविंद्र गोयल, गुरुचरण चड्ढा, प्रकाश मल्होत्रा, आभा, सुनील पंवार, सुरेश गोयल, अरविंद सोनकर, मुकेश लाल, ओपी उनियाल, रफीक अहमद, राकेश अग्रवाल, भगवती प्रसाद कुकरेती आदि लोग मौजूद रहे।