ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राज्य के 19वें स्थापना दिवस के मौके पर नौ नवंबर को आयोजित होने वाले तृतीय उत्तराखंड उदय सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत नौ अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 10 विभूतियों को ‘उत्तराखंड उदय सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अमर उजाला और इनेबल कनेक्ट कंसल्टिंग (ईसीसी) की ओर से राजधानी के पवेलियन मैदान में होगा।
सांस्कृतिक महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बलूनी क्लासेस की ओर से 19 फीट का केक काटा जाएगा। ईसीसी के निदेशक शिवराज राणा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, लोक रंगमंच, स्वरोजगार, उद्योग, समाजसेवा, पर्यावरण, साहित्य, खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली नौ लोगों को उत्तराखंड उदय सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा एक विभूति को उत्तराखंड रत्न सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड के कई सुप्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें पद्मश्री बसंती बिष्ट मां नंदा के जागरों के साथ रंगारंग कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगी। इसके बाद जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, स्वर कोकिला मीना राणा, रेखा धस्माना उनियाल किशन महिपाल, संगीता ढौंडियाल, रजनीकांत सेमवाल, अमित सागर और सनी दयाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद (घन्ना भाई) अपने चुटकुलों से दर्शकों को लोटपोट करेंगे।
फैशन शो होगा खास
सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान पारंपरिक गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी वेशभूषा में फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा। इसमें कोई भी दर्शक हिस्सा ले सकता है। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषण पहनकर पहुंचने वाले दर्शकों को ही रैंप वॉक करने का मौका मिलेगा। फैशन शो में महिला, पुरुष और बच्चों की तीन कैटेगरी होगी। प्रत्येक कैटेगरी में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले दर्शकों को सम्मानित किया जाएगा। फैशन शो के लिए कार्यक्रम स्थल पर ही पंजीकरण होगा।