पुरोला (उत्तरकाशी)। स्व. बरफियालाल जुवांठा राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों की नियुक्ति की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और सांकेतिक जाम भी लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो छात्र उग्र आंदोलन करेंगे। क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ने भी छात्रों की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।
तय कार्यक्रमानुसार बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तहसील मुख्यालय पर एकत्र हुए। छात्र नेता राकेश नेगी ने बताया कि महाविद्यालय में 650 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद यहां जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित आदि महत्वपूर्ण विषयों के प्राध्यापक पद कई वर्षों से रिक्त हैं। क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए देहरादून, उत्तरकाशी के महाविद्यालयों में जाना पड़ रहा है। छात्र संगठन अध्यक्ष अमन चुनार ने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री को बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महाविद्यालय में प्रयोगशाला सहायक भी नहीं होने से प्रैक्टिकल भी नहीं हो पाते।
छात्रों ने चेतावनी दी कि प्राध्यापक एवं प्रयोगशाला सहायक के रिक्त पदों पर शीघ्र तैनाती नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। मौके पर पहुंचे पुरोला विधायक राजकुमार ने भी छात्रों की मांग को जायज बताया और कहा कि वे शीघ्र इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप रावत, प्रमोद गौड़, कविता, कश्मिता, सूर्यमोहन, कपिल आदि तमाम छात्र नेता शामिल रहे।