ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
शिक्षा विभाग में एलटी कैडर के शिक्षकों और लेक्चरर के तबादले इसी सप्ताह होंगे। बेसिक और एलटी गढ़वाल मंडल के बाद अब एलटी कुमाऊं मंडल के साथ लेक्चरर के तबादलों की तैयारी की जा रही है। विभाग ने मंगलवार को करीब 500 शिक्षकों के तबादलों की सूची जारी की है।
विभाग में लंबे समय से तबादलों का इंतजार किया जा रहा था। बड़ा विभाग और कोटिकरण में त्रुटियों का हवाला देते हुए विभागीय अधिकारियों ने तय तबादला शेड्यूल में अतिरिक्त समय मांगा था। 15 दिन का अतिरिक्त समय मिलने के बाद शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने भी कुछ दिन की मोहलत मांगी। इसके बाद तबादले पिछड़ने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, मंगलवार को विभाग ने कुछ तबादले कर उनके आदेश जारी कर दिए।
इन तबादलों में दुर्गम की सेवा पूरी कर चुके शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा अनुरोध के आधार पर बीमार और दिव्यांग शिक्षकों को भी तबादलों का लाभ दिया गया है। अपर निदेशक बेसिक और तबादला समिति के प्रभारी वीएस रावत ने बताया कि बेसिक शिक्षकों और एलटी गढ़वाल मंडल के तबादलों की सूची जारी की गई है। इसी सप्ताह एलटी कुमाऊं मंडल और लेक्चरर के तबादलों की सूची जारी कर दी जाएगी।
--
देहरादून से हुए 12 तबादले
शिक्षा विभाग में हुए तबादलों का लाभ देहरादून के केवल 12 शिक्षकों को मिला है। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री दिग्विजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि इससे ज्यादा तबादले पूरे साल में बैकडोर से किए गए। ऐसे में एक्ट बनाने का क्या फायदा हुआ।
--
कोटिकरण में बड़े पैमाने पर खामियां सामने आई थीं। खुद मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने कोटिकरण सुधारने का आश्वासन दिया था। संघ की बैठक में सचिव ने भी वादा किया। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासकीय विभाग कोटिकरण ठीक करेगा। इसके बावजूद बिना कोटिकरण ठीक किए तबादले शुरू हो गए हैं। जब कोटिकरण ही ठीक नहीं है तो उसके आधार पर हो रहे तबादले कैसे ठीक हो सकते हैं।
-डॉ. सोहन माझिला, महामंत्री, राजकीय शिक्षक संघ