ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
बांग्लादेश को तीन टी-20 मैच की सीरीज में हराने का जश्न अफगानिस्तान टीम ने मसूरी घूमकर मनाया। इससे पहले टीम ने होटल में केक काटकर भी सीरीज जीतने की खुशी मनाई। वहीं, बांग्लादेश टीम शुक्रवार को स्वदेश लौट गई।
शुक्रवार सुबह अफगानिस्तान टीम ने होटल रिजेंटा में केक काटकर सीरीज जीतने का जश्न मनाया। इसके बाद टीम मसूरी के लिए रवाना हो गई। दिनभर मसूरी में अलग-अलग जगह घूमने के बाद देर शाम खिलाड़ी होटल लौटे। टीम आज देहरादून से रवाना हो जाएगी। अफगानिस्तान को 14 जून से भारतीय टीम के साथ टेस्ट मैच खेलना है। ऐसे में टीम के बंगलूरू या प्रैक्टिस के लिए नोएडा जाने का अनुमान है। टीम के कुछ खिलाड़ी पहले ही देहरादून से लौट चुके हैं।
वहीं, तीन मैचों की सीरीज में करारी हार झेलने वाली बांग्लादेश की टीम शुक्रवार सुबह रवाना हो गई। बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच राजधानी के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तीन टी-20 मैच की सीरीज हुई थी। जिसमें अफगानिस्तान ने क्लीन स्वीप करते हुए 3-0 से जीत हासिल की।