गैरसैंण के लिए निकाली जनजागरण रैली, फूंका पुतला
ब्यूरो/अमर उजाल/ देहरादून।
उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर देहरादून में सैकड़ों लोग शनिवार को गांधी पार्क मे एकत्र हुए और घटाघर तक रैली निकाली। इस दौरान ‘गैरसैंण विरोधी विचार’ का पुतला भी जलाया गया।
गैरसैंण राजधानी बनाने के लिए शनिवार के आयोजित जनजागरण रैली में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भागीदारी की। रैली में सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की थी। इनमें अलग-अलग महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं के हाथों में पोस्टर थे। इसके अलावा राज्य आंदोलनकारियों, सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों और पूर्व सैनिकों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने एकमत से गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने पर जोर दिया। युवाओं ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार है और केंद्र में भी समान दल सत्ता में है। ऐसे में डबल इंजन वाली सरकार के पास स्थायी राजधानी घोषित न करने की कोई वजह नहीं होनी चाहिए। यदि सरकार अभी भी स्थाई राजधानी के सवाल को हल नहीं करती तो प्रदेशभर में विशाल जनांदोलन किया जाएगा। रैली में डीएवी के पूर्व महासचिव भगवती प्रसाद, पूर्व महासचिव सचिन थपलियाल, जोगेंद्र रावत, प्रदीप रावत, मोहन भंडारी, डीएवी के वर्तमान महासचिव आकाश गौड़, सतीश मोहन पंत, विकास नेगी, देवेंद्र रावल, मयंक नेगी, सूरज कोहली, रघुबीर सिंह बिष्ट, जयदीप सकलानी, सुमन नेगी, पीसी थपलियाल आदि मौजूद रहे।