अमर उजाला ब्यूूूरो
खानपुर। हस्तमौली गांव के पास सोलानी नदी के तटबंध के ऊपर से पानी गुजरने लगा तो आसपास के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की अगुवाई में तटबंध की मरम्मत शुरू कर दी।
सोलानी में उफान आने से क्षेत्र के हस्तमौली गांव में तटबंध टूटने का खतरा बढ़ गया है। इससे पहले तटबंध टूटता ग्रामीणों ने मौके पर डेरा डाल दिया, लेकिन ग्रामीणों की सांसेें उस समय थम गई जब उसके ऊपर से पानी बहने लगा। इस पर प्रहलादपुर ग्राम प्रधान तपन सिंह की अगुवाई में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बोरी में मिट्टी भरकर तटबंध की मरम्मत शुरू कर दी। चार घंटे की मशक्कत के बाद तटबंध के ऊपर से पानी का प्रवाह जैसे-तैसे रोका गया। पानी थमने के साथ ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन ग्रामीणों को अब भी तटबंध टूटने का भय सता रहा है। उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा का कहना है कि स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।