पौड़ी। जिला योजना की बैठक में जिले के 37 विभागों की ओर से वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए जिला योजना के तहत 8425.04 लाख के परिव्यय पर चर्चा की गई। तय किया गया कि अब दो करोड़ तक के मोटर मार्गों का निर्माण जिला पंचायत की ओर से किया जाएगा।
बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में जिला योजना वर्ष 2017-18 के बजट अनुमोदन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संस्थान तथा लोक निर्माण विभाग की ओर से सर्वाधिक परिव्यय प्रस्तुत किया गया। सीडीओ ने लोनिवि को अनुमोदित परिव्यय की धनराशि को निर्माण कार्यों के अनुसार सभी ब्लाकों में बराबर वितरित करने के निर्देश दिए। कहा कि इसके अलावा निर्मित मोटर मार्गों के रखरखाव की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गई है। बैठक में पुल्ड आवास के लिए 112 लाख, वैकल्पिक ऊर्जा 80 लाख, माध्यमिक शिक्षा तथा एलोपैथिक चिकित्सा 350 लाख, वन विभाग, सहकारिता तथा लघु सिंचाई 20 करोड़, राजकीय सिंचाई 60 करोड़, आयुर्वेदिक चिकित्सा 85 लाख, कृषि विभाग तथा पशुपालन विभाग के 150 लाख, पंचायतीराज के 260 लाख, महिला कल्याण व खादी ग्रामोद्योग 10 लाख, मत्स्य पांच लाख, ग्रामीण लघु उद्योग नौ लाख, अर्थ एवं संख्या 15 लाख व संस्कृति विभाग 65 लाख अनुमोदित परिव्यय पर चर्चा की गई। इस मौके पर डीडीओ वेद प्रकाश, डीएफओ गढ़वाल वन प्रभाग रमेश चंद, जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरेराम यादव, जिला पूर्ति अधिकारी जगदीश वर्मा व अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह आदि मौजूद थे।