उत्तरकाशी। जिला पंचायत की त्रैमासिक बैठक के दूसरे दिन भी कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सदस्यों ने क्षेेत्रों की समस्याओं को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सभागार में हुई जिला पंचायत की बैठक में सदस्य कुलदीप बिष्ट ने कहा कि सदस्यों द्वारा सदन में जो भी समस्याएं रखी जाती है या प्रस्ताव पास किया जाता है, तो उस पर कार्रवाई के लिए बाकायदा अधिकारियों के लिए एक समय सीमा तय होनी चाहिए। सीडीओ उदय सिंह राणा व अध्यक्ष जशोदा राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित सदस्यों को उनके द्वारा बताए गए कार्य की प्रगति रिपोर्ट जरूर दें। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण भंडारी ने कहा कि कुमार कोट जुणगा अंबेडकर मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है। जिला पंचायत सदस्य विमला नौटियाल ने पीएमजीएसवाई की धरासू- तराकोट, कोटबागी, जिब्या मोटर मार्ग के निर्माण से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मतीकरण की मांग की। मंगला राणा ने जामक, स्याबा एवं कामर रोड को तत्काल स्वीकृत कराने की बात कही। जिला पंचायत सदस्य हर्ष अग्निहोत्री ने चिलोट रोड का डामरीकरण कार्य, जोखणी मोटर मार्ग पर काश्तकारों का प्रतिकर दिए जाने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य संतोषी सजवाण ने बंदरकोट-बौन सड़क की खस्ताहाल स्थिति बताई। बैठक में जोगत तल्ला मोटर मार्ग, तिहार, डांग- सरतली मोटर मार्ग के कार्यो तथा भंगेली रोड की जांच का मुद्दा भी सदस्यों द्वारा सदन में उठाया गया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह राणा, प्रकाश देवनाटा, अवतारी देवी, अनिता बिष्ट, दीपक बिजल्वाण, अनिता गुसांई, भगत सिंह राणा, डीएफओ संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक कुमार, सिंचाई विभाग के ईई पीएस पंवार आदि शामिल रहे।