राजकीय आश्रम पद्धति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय त्यूनी के छात्र वायरल की चपेट में हैं। 140 में से 90 छात्रों में बुखार, खांसी और जुकाम के लक्षण पाए गए हैं। इसमें 25 छात्र अधिक संक्रमित पाए गए हैं। अपर निदेशक जनजातीय कल्याण विभाग ने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही विशेष एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है।
राजकीय आश्रम पद्धति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कई दिनों से छात्र वायरल की चपेट में आ रहे हैं। कुछ दिन पूर्व स्कूल का कर्मचारी कुछ छात्रों को बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। शुक्रवार की रात 11 बजे बुखार से पीड़ित छात्रों को अस्पताल लाया गया था, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र राणा की अगुवाई में स्कूल पहुंची टीम ने छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की। कुल 140 छात्रों का चेकअप किया गया, जिसमें 90 छात्रों में बुखार, खांसी और जुकाम के लक्षण पाए गए। करीब 25 छात्र अधिक संक्रमित पाए गए। सभी छात्रों को दवाएं उपलब्ध कराई गई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि रविवार को स्कूल पहुंच कर छात्रों की जांच की गई। इसे लेकर स्कूल प्रबंधन को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल नदी किनारे है। सुबह शाम ठंड और दिन में गर्मी है, जिसके चलते संभवत: छात्र वायरल की चपेट में आए हैं। स्कूल प्रबंधन को छात्रों के खाने-पीने का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि किसी भी छात्र को तेज बुखार आने पर तुरंत अस्पताल से संपर्क करें। बतादें कि स्कूल का संचालन जनजातीय कल्याण विभाग के माध्यम से किया जाता है। स्कूल में पढ़ाई के साथ ही छात्रों के रहने की व्यवस्था भी की जाती है।
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी गई है। विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है। - योगेंद्र रावत, अपर निदेशक जनजातीय कल्याण विभाग