वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस का संचालन सात अप्रैल से
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून से वाराणसी के लिए संचालित देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन आखिरकार दो माह बहाल कर दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक सीताराम सोनकर ने बताया कि ट्रेन का संचालन सात अप्रैल से किया जाएगा। जनता एक्सप्रेस सात अप्रैल को वाराणसी से देहरादून आएगी। जबकि आठ अप्रैल को इसे देहरादून से वाराणसी के लिए रवाना किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन दो माह पूर्व रेलवे ने बंद कर दिया था। ट्रेन का संचालन ठप होने से उन यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा जिन्हें मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी जाना होता था। ट्रेन के फिर से संचालन की मांग कई बार उठी, लेकिन रेलवे प्रबंधन ने ट्रेन का संचालन नहीं किया। पिछले दिनों रेलवे बोर्ड की ओर से आदेश आया कि ट्रेन का संचालन 15 अप्रैल से किया जाएगा लेकिन यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए अब इसे रेलवे प्रशासन ने निर्धारित तिथि से एक सप्ताह पूर्व सात अप्रैल से संचालित करने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर जनता एक्सप्रेस के संचालन से रेलवे अधिकारियों के साथ ही यात्रियों ने राहत की सांस ली है। गर्मी की छुट्टियों के चलते यात्रियों को अपने घरों के लिए जाने को यह ट्रेन काफी राहत देने वाली है।