जाति और निवास प्रमाणपत्र का बहिष्कार आज से
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। समाज कल्याण विभाग में हुए छात्रवृत्ति घोटाले की जांच में तहसील से प्रमाणपत्र संबंधी दस्तावेज मांगने के विरोध में आंदोलनरत पटवारी बुधवार से जाति और निवास प्रमाणपत्र पर आख्या लगाने के कार्य का भी बहिष्कार करेंगे।
उत्तराखंड लेखपाल संघ के बैनर तले चार फरवरी से देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार व चंपावत जिलों में पटवारियों ने आय प्रमाणपत्र और दाखिल खारिज का बहिष्कार किया हुआ है। जिससे इन जिलों के करीब आठ हजार दाखिल खारिज व छह हजार आय प्रमाणपत्र लंबित हैं।
मंगलवार को उत्तराखंड लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद घिल्ड़ियाल ने कहा कि संघ ने 25 जनवरी को राजस्व परिषद के अध्यक्ष और सचिव को पत्र भेजकर मांगों पर अमल की मांग की थी लेकिन शासन की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। इससे पटवारियों में रोष है।