रेलवे स्टेशन पर दिखेगी देवभूमि की संस्कृति
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। देश-विदेश के पर्यटकोें के साथ ही स्थानीय लोगों को दून स्टेशन पर देवभूमि की संस्कृति के साथ ही राज्य के इतिहास का नजारा दिखेगा। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने रेलवे के सौंदर्यीकरण को लेकर कार्ययोजना व डिजाइन बनाने का टेंडर जारी कर दिया गया है। इस संबंध मेें देश की नामी कंपनियों से टेेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का जो मसौदा तैयार किया गया है, उसके तहत स्टेशन को ऐसे सजाया संवारा जाएगा, जिससे पर्यटकों व यात्रियाें को देवभूमि के इतिहास एवं संस्कृति की झलक दिखाई दे। प्राधिकरण उपाध्यक्ष का दावा है कि स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण कुछ ऐसा कराया जाएगा कि देवभूमि आने वाले पर्यटकों व यात्रियों को स्टेशन परिसर से बाहर आने के साथ ही अलग की एहसास हो। टेंडर के लिए अंतिम तिथि 20 दिसंबर रखी गई है। उसके बाद कंपनी को टेंडर जारी करने के साथ ही निर्माण कार्यों का ठेका दे दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्टेशन के सौंदर्यीकरण को लेकर विकास प्राधिकरण व रेलवे के अफसराें के बीच पहले ही करार हो चुका है। इसे लेकर अफसरों के बीच कई दौर की वार्ताएं भी हो चुकी हैं।