ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निकाय चुनाव में मतदाता सूची से हजारों मतदाताओं के नाम गायब होने के मामले में कई राजनीतिक दलों ने सरकार व भाजपा पर हमला बोला है। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आरोप लगाया है कि निकाय चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है।
उक्रांद महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री का आरोप है कि खोखले दावों की पोल खुलने तथा बैलेट पेपर से घबड़ायी भाजपा ने चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। बीएलओ पर दबाव बनाकर मनमाने तरीके से मतदाता सूची तैयार करायी गई और बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए। छेत्री का कहना है कि यदि प्रकरण की निष्पक्षता से जांच की जाए तोतमाम अधिकारियों, कर्मचारियों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है। साथ ही सरकार व भाजपा की करतूत का भी पर्दाफाश हो जाएगा। इसी क्रम में चुनावी धांधली की जांच के लिए 22 नवंबर को निर्वाचन आयोग कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।