ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। प्राचार्य परिषद ने गढ़वाल विवि के फैसले की निंदा की है। परिषद की शनिवार को ेडीबीएस प्राचार्य कार्यालय में हुई बैठक में अध्यक्ष प्रो. वीए बौड़ाई ने कहा कि बीच सत्र में राजधानी के डीएवी, डीबीएस, एमकेपी, एसजीआरआर कॉलेजों को विवि से असंबद्ध करने का प्रस्ताव गलत कदम है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि सभी व्यवस्थाएं संभालने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है। प्राचार्य परिषद के सचिव डॉ. अजय सक्सेना ने कहा कि विवि से अपेक्षा है कि वह वर्तमान समस्या की मूल जड़ कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर तक जाए। बार-बार गलत एंट्री होने से परिणाम पर असर पड़ता है। उन्होंने छात्र हित में देहरादून में विवि के उप कार्यालय में संयुक्त कुलसचिव की तैनाती करने की मांग भी की। बैठक में एमकेपी की प्राचार्य डॉ. सुनीता कुमार, डीबीएस के प्राचार्य डॉ. एके बियानी भी शामिल रहे।