ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
दरबार साहिब के लगभग 700 किराएदारों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर आपसी विचार विमर्श से समस्या का समाधान निकाला जाएगा। इस बारे में जल्द ही दून उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में समस्त दुकानदारों से भी वार्ता की जाएगी। यह जानकारी दून उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक उमेश अग्रवाल ने दी। शुक्रवार को व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधि मंडल उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में श्री गुरु राम राय दरबार साहिब महंत देवेंद्र दास से मिला। इस मौके पर मौजूद व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि दून उद्योग व्यापार मंडल उन दूकानदारों का साथ नहीं देगा जिन्होंने अपनी दुकान किसी और को ज्यादा किराए के चक्कर में दे दी है। इस मौके पर कुलभूषण अग्रवाल, दीपक सिंघल, पार्षद अजय सिंघल, रामगोपाल, बृजलाल , सुनील माटा , सुशील जैन और राजेश बडोनी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा व्यापार मंडल नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर निदेशक यातायात केवल खुराना से भी मिला। इस दौरान निदेशक को अवगत कराया कि जनरल महादेव सिंह रोड पर जिस प्रकार बल्लूपुर चौक से कमला पैलेस चौक तक मौजूद पांच कट बंद कर दिए गए हैं। इससे आवागमन पटरी से उतर गया है। लगातार बल्लूपुर चौक, कमला पैलेस एवं शिमला रोड को जाने वाले तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए तीन कट खोल देने चाहिए। निदेशक यातायात ने भरोसा दिलाया कि मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ समाजसेवी सोहन लाल गुप्ता, दून उद्योग व्यापार मंडल के मंत्री सुनील मैंसोन, बिजेन्द्र थपलियाल, शक्ति सिंह पुंडीर, राम गोपाल आदि मौजूद रहे।