केदारनाथ। बाबा केदारनाथ के क्षेत्रपाल भैरवनाथ के कपाट भी मंगलवार को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ मंदिर में बाबा केदार की सायंकालीन आरती भी शुरू हो गई है। इस मौके पर करीब 300 से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंगलवार को प्रात: आठ बजे मुख्य पुजारी टी-गंगाधर लिंग ने भगवान भैरवनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। केदारपुरी के रक्षक के रूप में पूजनीय आराध्य को भोग लगाने के बाद कपाट खोले गए। कपाट खुलने के साथ ही अब धाम में बाबा केदार की सायंकालीन आरती भी शुरू हो गई है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद पहले मंगलवार या शनिवार को भगवान भैरवनाथ के कपाट खोले जाते हैं। यही परंपरा कपाट बंद होने के दौरान भी अपनाई जाती है।
इधर, बेस कैंप में स्थापित ब्रह्मवाटिका में भी पुलिस की ओर से पूजा-अनुष्ठान के साथ भगवान नंदी महाराज के कपाट खोले गए। साथ ही मंदिर में अखंड ज्योति जलाई गई। इस मौके पर उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, सीओ अभय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक आदि मौजूद थे।