ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक के दाखिले मंगलवार से शुरू होने जा रहे हैं। ज्यादातर केवि ने सूची जारी कर दी जबकि कुछ मंगलवार को जारी कर देंगे। अभिभावक अपने बच्चे का नाम संबंधित केवि में जाकर नोटिस बोर्ड पर भी देख सकते हैं। इसके बाद नौ अप्रैल को दूसरी सूची जारी की जाएगी।
केविएस में दाखिलों के लिए 19 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण हुए थे। इस बार देहरादून में 1160 सीटों के लिए करीब तीन हजार पंजीकरण हुए थे। सोमवार को कई केवि ने दाखिलों की पहली सूची जारी कर दी। कई केवि किसी कारणवश जारी नहीं कर पाए लेकिन उनकी सूची भी तैयार है। मंगलवार को सुबह सभी केवि में कक्षा एक की दाखिला सूची चस्पा कर दी जाएगी। अभिभावकों ने जिन केवि के लिए आवेदन किया होगा, वह वहां जाकर बच्चे का नाम देख सकते हैं। नाम देखने के बाद उसी हिसाब से दाखिला लेना होगा। इसके बाद बची हुई सीटों के लिए केवि दाखिलों की दूसरी सूची नौ अप्रैल को जारी की जाएगी।