ब्यूरो/ ऋषिकेश। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नहीं ले रही हैं। कुम्हारबाड़ा के बाद अब चोरों ने अपर गंगानगर में एक बंद घर को निशाना बना डाला। चोर मकान मालिक व उनके दो किराएदारों के कमरों से नकदी और अन्य सामान ले उड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौखिक शिकायत के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक अपर गंगानगर में गली नंबर नौ निवासी दिलीप सिंह कुटी के बंद घर को चोरों ने खंगाल दिया। मंगलवार को पड़ोसियों ने उनके किराएदारों को घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। किराएदार रविंद्र कुमार ने बताया कि घर में मकान मालिक के अलावा एक और किराएदार प्यार सिंह रावत रहता है। बताया कि वह टिहरी स्थित गजा में दिलीप सिंह के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे।
रविंद्र ने बताया कि उसके कमरे से 12 हजार रुपये की नकदी और पहचान संबंधी कागज चोर ले गए हैं। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय भारती ने बताया कि मकान मालिक अभी पहुंचे नहीं हैं। एक और किराएदार भी अभी नहीं आया है। उनके पहुंचने के बाद ही पता चल पाएगा कि उनके कमरे से क्या-क्या चोरी हुआ है। बताया कि लिखित शिकायत अभी नहीं मिली है। चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि बीती 31 जनवरी को भी कुम्हारबाड़ा में चोरों ने एक बंद घर को खंगाला था। चोर लाखों की नकदी और जेवरात ले गए थे। पुलिस अभी तक मामले में आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है।