ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डालनवाला कोतवाली पुलिस ने स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर 51 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। वहीं नशे के सामान के साथ दो अन्य तस्कर क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र से पकड़े गए हैं।
डालनवाला कोतवाली निरीक्षक राजीव रौथाण के अनुसार करनपुर चौकी पर चेकिंग के दौरान पुरुषोत्तम निवासी राजीव नगर थाना नेहरू कॉलोनी को रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी में पुरुषोत्तम के पास से करीब 17 ग्राम स्मैक और 51300 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी पुरुषोत्तम ने बताया कि वह बरेली से स्मैक लाकर दून में बेचता था। पुलिस पुरुषोत्तम के साथियों की जानकारी जुटा रहा है। उधर, क्लेमेेंटटाउन पुलिस ने पोस्ट ऑफिस रोड से मोटर साइकिल सवार शाह आलम और शहजाद निवासी शांति विहार को दबोचा। दोनों के पास से पांच-पांच ग्राम स्मैक और 110 ग्राम चरस बरामद हुई है। मोटर साइकिल सीज कर दी गई है।