नेहरा में चार दिन से पेयजल आपूर्ति ठप
ब्यूरो/अमर उजाला
कालसी। तहसील क्षेत्र के नेहरा गांव में चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। जिसके चलते 25 परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में माघ का त्यौहार चल रहा है। ऐसे में बिना पानी के मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों को एक किमी दूर स्थित प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। यह पानी पीने लायक नहीं है। ऐसे में उन्हें निजी खर्च पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। स्थानीय निवासी और सेवानिवृत्त तहसीलदार टीकाराम भट्ट, सेवानिवृत्त आयकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर केडी भट्ट, मोहनलाल भट्ट, धर्मदत्त भट्ट, प्रदीप, दीपक कुमार आदि का कहना है कि पर्व के चलते घरों में मेहमान आ रहे हैं। यह त्योहार मेहमान नवाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन बिना पानी के भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को बूंद बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता जीपी गैरोला ने बताया कि जेई को मौके पर भेज कर समस्या को दूर कराया जाएगा।