ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
राजभवन में तैनात कांस्टेबल शिव कुमार ने बृहस्पतिवार को लावारिस मिला बैग मालिक को वापस लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। बैग में 50 हजार की नगदी के अलावा तीन तोले की चेन थी।
कांस्टेबल शिव कुमार को दून अस्पताल तिराहे पर एक बैग लावारिस पड़ा मिला। सिपाही ने बैग को चेक किया तो उसमें 50 हजार की नगदी, सोने की चेन, मोबाइल और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। सिपाही ने तत्काल नगर नियंत्रण कक्ष को इसकी जानकारी दी। कुछ देर में ही बैग मालिक और क्रिकेट कोच अमित कुमार को पुलिस ने ढूंढ लिया। क्रिकेट कोच ने बताया कि वह एकेडमी से एडवांस में 50 हजार रुपये लेकर रेंजर्स ग्राउंड जा रहे थे। सोने की चेन तीन तोले की है, जिसकी कीमत करीब 90 हजार है। उन्होंने सिपाही की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की भी कोशिश की, मगर सिपाही ने फर्ज बताकर रकम लेने से मना कर दिया। एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने सिपाही को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। वहीं, एसएसपी निवेदिता कुकरेती और एसपी सिटी प्रदीप राय समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने सिपाही की ईमानदारी की प्रशंसा की है।