गोपेश्वर। ग्राम पंचायत क्वींठी के ग्रामीणों ने रानो-क्वींठी-सरमोला मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण करने की मांग पर नगर से जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। डीएम आशीष जोशी ने ग्रामीणों को दो दिन में सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
ग्राम प्रधान क्वींठी सूरज सिंह रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन के विरोध में धरना भी दिया। धरना स्थल पर हुई सभा में प्रधान सूरज सिंह ने कहा कि वर्ष 2009-10 में शासन से ग्यारह किमी रानो-क्वींठी-सरमोला मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली थी। वर्ष 2010 में लोनिवि गौचर ने सड़क निर्माण कार्य शुरू किया। वर्ष 2016 में बजट की कमी के चलते आठ किमी सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। लोगों को अपने गांव तक पहुंचने के लिए छह किमी पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। करीब एक घंटे तक परिसर में धरना देने के बाद ग्रामीणों ने डीएम से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपकर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी। इस पर डीएम ने ग्रामीणों को दो दिन में सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। इस मौके पर जगदीश नेगी, प्रह्लाद सिंह, राजेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, पूर्ण सिंह, नरेंद्र सिंह, मातबर सिंह और उमेश आदि मौजूद थे।