रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। ग्राम प्रधानों ने तीन सूत्री मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को सामूहिक रूप से त्यागपत्र सौंपा। ग्राम प्रधानों ने प्रदेश सरकार पर गांवों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष धनराज बंगारी के दिशा-निर्देशन और ब्लाक अध्यक्ष देवेश्वरी थपलियाल, वीरेंद्र असवाल और महावीर पंवार के नेतृत्व में अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और जखोली ब्लाक के ग्राम प्रधान कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां डीएम कार्यालय के समीप धरना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य वित्त में कटौती कर ग्राम पंचायतों के विकास को पीछे धकेलने का काम किया है। इस मौके पर तीनों ब्लाक के ग्राम प्रधानों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से अपना त्यागपत्र और राज्य वित्त में आवंटित धनराशि में संशोधित कर पूर्ववत रखने, ग्राम प्रधान का मानदेय 5000 रुपये किए जाने, प्रदेश में पंचायती एक्ट शीघ्र लागू करने की मांग का ज्ञापन डीएम मंगेश घिल्डियाल को सौंपा। इस मौके पर संगठन के प्रदेश सचिव सतीश जोशी, ग्राम प्रधान प्रदीप मलासी, नवीन सेमवाल, राकेश गोस्वामी, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, एसपी बहुगुणा आदि मौजूद थे।