पौड़ी। शहर में दिनदहाड़े दो और मकानों के ताले तोड़ चोर लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। ये दोनों आवास भी सरकारी कर्मचारियों के हैं। एक ही दिन में चोरी की ताबड़तोड़ तीन घटनाओं के बाद एसएसपी जेआर जोशी ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
चोरी की ये दोनों घटनाएं भी मंगलवार दोपहर की बताई जा रही हैं। इन दोनों चोरियों का तरीका भी मंगलवार को कलेक्ट्रेट कर्मी जसपाल के सरकारी आवास पर हुई घटना जैसा ही है। एक घटना जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी के चालक विपिन कुुमार थपलियाल के बद्रीनाथ धर्मशाला के समीप स्थित सरकारी आवास में हुई। विपिन सुबह 10 बजे दफ्तर गए थे, जबकि पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थीं। देर शाम घर लौटे तो दरवाजा खुला था और अंदर रखी अलमारी का डबल लॉकर टूटा पड़ा था। चोर अलमारी में रखा सोने का एक लॉकेट, तीन अंगूठी, कान के दो कुंडल, दो जोड़ी पायल और तीन हजार रुपये भी ले गए। चोरों ने इसी कालोनी में वन विभाग के कर्मचारी सिद्धार्थ के घर में सेंध लगाई और ताला तोड़कर गहने और करीब 10 हजार रुपये चुरा ले गए। सूचना पर मंगलवार देर रात कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर सुराग जुटाने की कोशिश की। बुधवार सुबह एसएसपी जेआर जोशी ने भी घटनास्थल का मुआयना कर घटना के खुलासे के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। चोरों को पकड़ने के लिए कोतवाली इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार उनियाल ने छह टीमों का गठन किया है, जबकि एसएसपी की ओर से भी एक विशेष टीम गठित की गई है।
दिनदहाड़े चोरी की वारदातों से सहमे शहरवासी
पौड़ी। दिनदहाड़े चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों से शहरवासी सहमे हुए हैं। करीब डेढ़ महीने बाद सरकारी आवासों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह के फिर सक्रिय होने से सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। महिलाओं ने डीएम और व्यापार सभा ने एसएसपी से मुलाकात कर चोरों को पकड़ने की मांग की है।
बुधवार को व्यापार सभा के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी जेेआर जोशी से मुलाकात की। सभा के अध्यक्ष देंवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं से व्यापारी भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में चोरी की घटनाओं पर अंकुुश लगाना और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ना बहुत जरूरी है। एसएसपी से मिलने वालों में सभा के सचिव अनूप देवरानी, कोषाध्यक्ष कुलदीप गुसाई, धनेश जैन, विजय शर्मा, अनिल बड़थ्वाल, अशोक बौड़ाई, रविंद्र रावत व अनिल रावत आदि शामिल रहे। इसी तरह, बिंजाल संस्था की अध्यक्ष सरिता नेगी के नेतृत्व में महिलाएं डीएम सुशील कुमार से मिलीं। महिलाओं ने कहा कि पुलिस चोरी की घटनाओं को रोकने के बजाय शराब का विरोध कर रही महिलाओं का उत्पीड़न कर रही है। नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने पालिका सभागार में एक बैठक कर चोरी की घटनाओं पर चिंता जाहिर की है।
दो हफ्ते बाद भी चोरी का खुलासा नहीं
पौड़ी। राजस्व क्षेत्र परसुंडाखाल की दो दुकानों में लगभग दो हफ्ते पूर्व हुई चोरी की घटना में अब तक चोरों का पता न लगने पर व्यापारियों ने जिलाधिकारी सुशील कुमार से शिकायत की है। व्यापारियों ने इस घटना की जांच रेगुलर पुलिस से कराने की मांग की है। डीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि 13 जून की रात परसुंडाखाल में चोरों ने राजेंद्र सिंह रावत और उत्तम सिंह नेगी की दुकान का ताला तोड़कर लाखों का सामान और नकदी चोरी कर ली थी।