गौचर। बदरीनाथ हाईवे पर आईटीबीपी कैंप के निकट हुई कार दुर्घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं, जबकि तीन को चोटें आई हैं। महिलाओं को आईटीबीपी कैंप अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कार में सवार चालक सहित अन्य तीन बच्चों का प्राथमिक उपचार आईटीबीपी कैंप के अस्पताल में किया गया। कार दुर्घटना का कारण स्टेयरिंग लॉक होना बताया जा रहा है।
पुलिस चौकी प्रभारी हेमकांत सेमवाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग से कर्णप्रयाग की ओर आ रही कार दोपहर सवा बारह बजे करीब आईटीबीपी कैंप के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार दुर्घटना में कर्णप्रयाग निवासी हेमा रावत (32) पत्नी दीपक रावत, सुमन रावत (30) पत्नी संजय रावत सिर पर चोट लगने से घायल हो गईं। कार चालक विजयपाल सिंह (38) पुत्र जगमोहन सिंह निवासी रुद्रप्रयाग और ऋषभ (10) पुत्र दीपक रावत, दीया (6) पुत्री दीपक और दक्ष (7) पुत्र संजय रावत को मामूली चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को आईटीबीपी कैंप अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल दोनों महिलाओं को श्रीनगर रेफर कर दिया गया।