पहले अश्लील वीडियो कॉल की फिर दिल्ली पुलिस का अधिकारी बनकर 80 हजार रुपये ठग लिए। साइबर ठग ने व्यक्ति को डराया था कि उसे जेल जाना पड़ेगा। बचना है तो फाइनेंशियल पनिशमेंट दे दो। कहानी जब व्यक्ति की समझ में आई तो उसने साइबर थाने को शिकायत की। शिकायत के आधार पर अब कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार डॉ. श्रीराम सिंह राणा निवासी अल्लापुर ने शिकायत की थी । उन्होंने पुलिस को बताया कि गत 16 नवंबर को उनके पास एक वीडियो कॉल आई थी। यह बेहद अश्लील थी। वह शादी से लौटे थे उन्होंने कपड़े बदलते हुए यह कॉल रिसीव कर ली। ऐसे में उनकी फोटो भी उसमें जोड़ दी गई। अगले दिन एक व्यक्ति का फान आया। उसने खुद को बताया कि वह दिल्ली पुलिस से बोल रहा है। उसने डराया कि अश्लील वीडियो देखने के जुर्म में उसे जेल जाना पड़ेगा।
उसने एक रास्ता भी बचने के लिए बताया और कहा कि उसे फाइनेंशियल चार्ज भुगतना पड़ेगा। डॉ. राणा ने उसके खाते में 80 हजार रुपये जमा करा दिए। उसने डराया कि जिस लड़की की उसने फोटो देखी है उसने आत्महत्या कर ली है। लिहाजा अब उसे दो लाख रुपये देने होंगे। ठग ने लगातार फोन किया और चार लाख ट्रांसफर करने को कहा गया। इसके बाद प्रमोद नाम के व्यक्ति का फिर से फोन आया और उसने कहा कि अब पैसा नहीं देना है। प्रमोद खुद को दिल्ली पुलिस कर्मी बता रहा था। बताया गया था कि वह एयरपोर्ट में तैनात है। जिस नंबर से फोन किया गया था उसमें मोबाइल में दिल्ली पुलिस का लोगो भी लगा था। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।