ब्यूरो/ अमर उजाला/देहरादून।
दूसरी अखिल भारतीय टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी में बृहस्पतिवार को जीएसआर और तनुष क्रिकेट एकेडमी (टीसीए) ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पहले मुकाबले में जीएसआर ने हिमालयन क्रिकेट एकेडमी (एचसीए) और दूसरे मुकाबले में टीसीए ने देहरादून स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी (डीएससीए) को शिकस्त दी।
प्रेमनगर स्थित रामराज क्रिकेट मैदान में पहले मुकाबले में एचसीए की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.1 ओवर में 141 रनों पर ढेर हो गई। टीम के लिए किरन सिंह ने 37, प्रशांत ने 25 और दीप चंद व सार्थक ने 14-14 रन बनाए। जीएसआर के तेजेंद्र ने तीन और करन पुंज, हिमांशु व धर्मेंद्र ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में जीएसआर की टीम ने 18 ओवर में तीन विकेट खोकर आसान जीत हासिल कर ली। हिमांशु ने नाबाद 48, संयम अरोड़ा ने 42 और तेजेंद्र ने नाबाद 16 रन बनाए।
दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीसीए की टीम ने आठ विकेट खोकर 151 रनों का स्कोर खड़ा किया। तनुष गुसाईं ने 42, शिवम ने 23, विनय रावत ने 20 और राहुल देव ने 18 रन बनाए। डीएससीए के लिए अपूर्व भट्ट ने चार और रोहित ने तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएससीए की पूरी टीम 19.2 ओवर में 126 रन ही बना सकी। मनीष ने 50 और अखिल ने 19 रनों की पारी खेली। टीसीए के हरजीत ने 17 रन देकर चार और सुमित ने दो विकेट चटकाए।